दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग किए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाइक सवार तीन लोगों ने अचानक टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलियां चला दीं। इस घटना में अभिनेता के ड्राइवर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, टाइगर श्रॉफ इस हमले में सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, टाइगर श्रॉफ जुहू के पुष्पा पार्क इलाके के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर और ऑटो चालक घायल
फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और घटनास्थल के पास मौजूद एक ऑटो-रिक्शा चालक को गोली लगने की खबर है। दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को इस घटना में कोई चोट नहीं आई है।
हमले की वजह स्पष्ट नहीं, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की बाइक और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
Tags
national
