दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बैतूल। बैतूल जिले के 4 वर्षीय हर्ष की रविवार रात करीब 10 बजे नागपुर एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। हर्ष छिंदवाड़ा जिले के परासिया में सामने आए कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड का शिकार था और पिछले चार महीनों से आईसीयू में भर्ती होकर कोमा में था। परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव गांव लाया जाएगा।
डॉक्टरों ने शुरुआत से ही हर्ष की हालत नाजुक बताई थी। परिवार को धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद दिलाई जा रही थी, लेकिन बच्चे को होश नहीं आया। हर्ष के दादा देवा ने बताया कि डॉक्टर रोजाना स्थिति में मामूली सुधार की बात कहते थे, मगर रविवार रात बच्चे ने दम तोड़ दिया।
इलाज मुफ्त, लेकिन रहने-खाने में लाखों खर्च
हर्ष के पिता गोकुल किसान हैं और उनके दो बेटे थे, जिनमें हर्ष बड़ा था। एम्स नागपुर में इलाज मुफ्त रहा, लेकिन पिछले चार महीनों से पूरे परिवार को नागपुर में ही रहना पड़ा। इस दौरान रहने और खाने-पीने पर लाखों रुपये खर्च होने की बात परिजनों ने बताई।
प्रशासन ने की मौत की पुष्टि
आमला एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने हर्ष की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से बीमार हुए बच्चों में हर्ष भी शामिल था, जिसे गंभीर हालत में नागपुर एम्स रेफर किया गया था। हर्ष की मौत के साथ ही इस मामले में मौतों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जिससे यह प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
Tags
madhya pradesh
