दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर पुलिस ने देर रात पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक को देशी पिस्टल, कारतूस और चाकू सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी श्रीमती इंद्रा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चुंगी क्षेत्र में शनि पान टपरा के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमित बेन (23 वर्ष) निवासी व्हीकल बजरंग नगर रांझी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक छोटा चाकू बरामद हुआ, वहीं कमर में खोंसी हुई एक देशी पिस्टल मिली। पिस्टल की मैगजीन में एक कारतूस लोड पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल, एक कारतूस और चाकू जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह पिस्टल और कारतूस कहां से और कैसे प्राप्त कर लाया था। मामले की जांच जारी है।
Tags
jabalpur
