Jabalpur News: सड़क विवाद ने लिया खूनी मोड़, बाइक सवार ने कार चालक को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर के बाद हुए झगड़े में बाइक सवार युवक ने कार चालक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कार चालक की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान आकांश साहू के रूप में हुई है, जो आधारताल क्षेत्र का निवासी था। वह पेशे से फर्नीचर व्यवसायी था। घटना के समय आकांश साहू गोकलपुर में अपने दोस्तों से मिलकर देर रात घर लौट रहा था।

टक्कर के बाद हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच रांझी क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक सड़क पर उतर आए और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवक ने गाली-गलौच करते हुए चाकू निकालकर आकांश साहू पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल आकांश साहू को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को रांझी सीएसपी सतीश साहू अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post