दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नाले में जा गिरी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति से पुल से गुजर रही थी, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे नीचे नाले में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों कार सवार वहां से भाग चुके थे।
सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को नाले से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक और उसके साथी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur
