दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी के दाम ₹10,566 घटकर ₹2.27 लाख पर आ गए, जबकि इससे पहले यह ₹2.37 लाख प्रति किलो थी। वहीं 24 कैरेट सोना ₹2,522 सस्ता होकर ₹1.45 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो एक दिन पहले ₹1.47 लाख था।
जून महीने में भी दोनों कीमती धातुओं में लगातार गिरावट देखने को मिली है। इस महीने सोना ₹10,748 और चांदी ₹36,015 तक सस्ती हो चुकी है। 1 जून को सोना ₹1.56 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2.63 लाख प्रति किलो के स्तर पर थी।
इस वर्ष की शुरुआत से ही सोने-चांदी के दामों में भारी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को सोना ₹1.33 लाख प्रति 10 ग्राम था, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर ₹1.76 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से अब तक सोना ₹31,333 तक सस्ता हो चुका है।
चांदी ने भी जनवरी में ऐतिहासिक ऊंचाई छुई थी। 31 दिसंबर 2025 को ₹2.30 लाख प्रति किलो रही चांदी 29 जनवरी 2026 को बढ़कर ₹3.86 लाख प्रति किलो तक पहुंच गई थी। इसके बाद 145 दिनों में चांदी की कीमतों में करीब ₹1.59 लाख प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है।
इस बीच केंद्र सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली ड्यूटी 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य विदेशी खरीद पर नियंत्रण और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना है। नई व्यवस्था के तहत सोने पर 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 प्रतिशत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, वैश्विक तनाव और निवेशकों की बदलती रणनीति के कारण सोने-चांदी की कीमतों में आगे भी तेजी और गिरावट का दौर जारी रह सकता है। वहीं ग्राहकों को खरीदारी के समय बीआईएस हॉलमार्क वाले प्रमाणित सोने की खरीद और बाजार भाव की जांच करने की सलाह दी जा रही है।
Tags
national
