दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडी जमुनिया में जमीन के विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक सगी बहन, बहनोई और भांजे ने मिलकर अपने ही भाई और भाभी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी झड़प में पीड़ित पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डुंडी जमुनिया निवासी 37 वर्षीय सुरेंद्र चौधरी और उनकी 30 वर्षीय पत्नी वंदना चौधरी का अपने ही परिवार से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर सुरेंद्र के बहनोई संतोष चौधरी, सगी बहन संतरा चौधरी और उनके बेटे (भांजे) नितेश चौधरी ने फिर से झगड़ा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई। लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि आरोपी संतोष, संतरा और नितेश ने आपा खो दिया और पास ही रखी कुल्हाड़ी से सुरेंद्र और वंदना पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
कुल्हाड़ी के इस वार से सुरेंद्र और वंदना चौधरी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हमले में दोनों के सिर, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे और गंभीर जख्म आए हैं। वारदात के बाद चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने व होश में आने पर पीड़ित दंपती ने सिहोरा थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
