दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र के अंतर्गत कांचघर चौक में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक और उसके साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
पुरानी रंजिश में घेरा, सिर और चेहरे पर किए चाकू से वार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांचघर चौक निवासी एडवोकेट अनूप शर्मा (37 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि देर रात लगभग 12:30 बजे उनके पड़ोसी आकाश सिंह राजपूत ने सूचना दी कि उनके छोटे भाई अविनाश शर्मा पर कुछ लड़कों ने जानलेवा हमला कर दिया है।
पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी सम्राट चौधरी उर्फ डॉक्टर, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा और उनके अन्य साथियों ने अविनाश को घेर लिया और चाकू से उसके सिर, चेहरे और हाथ पर कई प्राणघातक वार किए।
बचाव में आए साथी को भी आई चोटें
घटना के वक्त अविनाश के साथ उसका साथी निक्की खत्री भी मौजूद था। आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे निक्की के बाएं हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पीड़ित के भाई अमित शर्मा और दिनेश शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि तेलमिल के सामने परिहार डॉक्टर के बाजू में अविनाश सिर पर हाथ रखे खून से लथपथ हालत में बैठा था।
अस्पताल में भर्ती, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
परिजन तुरंत घायलों को लेकर घमापुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया। फरियादी अनूप शर्मा की रिपोर्ट पर घमापुर पुलिस ने आरोपी सम्राट चौधरी, तनिष्क जायसवाल, राज बेन, निहाल बिरहा और अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
