दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने मंगलवार सुबह नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद ईओडब्ल्यू ने उनके आवास सहित अन्य स्थानों पर एक साथ जांच शुरू की। इस कार्रवाई के तहत नगर निगम से जुड़े एक ठेकेदार के घर पर भी दबिश दी गई है।ईओडब्ल्यू अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पोला राव के नाम पर एक फ्लैट, लगभग 10 हजार वर्गफुट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में खरीदी गई कृषि भूमि, चार दोपहिया वाहन तथा एक चारपहिया वाहन होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और नकद लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद संपत्तियों और दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है। जांच एजेंसियां अधिकारी की वैध आय के स्रोतों और अर्जित संपत्तियों के बीच संभावित असमानता का आकलन कर रही हैं।
फिलहाल ईओडब्ल्यू की सर्चिंग कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति के वास्तविक आंकड़ों का खुलासा हो सकेगा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
Tags
jabalpur
