Jabalpur Breaking News: इनामी बदमाश छोटू चौबे गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
घमापुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुयश उर्फ छोटू चौबे को उसके स्नेह नगर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

गौरतलब है कि 21 मार्च 2026 की रात चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच पुरानी रंजिश के चलते यश थराट नामक युवक पर गोली चलाई गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बाबू सिंधी और निखिल कंजा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि इस फायरिंग की साजिश और घटनाक्रम में सुयश उर्फ छोटू चौबे की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने 17 अप्रैल 2026 को छोटू चौबे पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।

अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छोटू चौबे को उसके घर से दबोच लिया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post