दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना बरगी क्षेत्र में शराब दुकान के एक सेल्समैन के साथ मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लेवर हाट बरगी नगर चौकी नगर निवासी 22 वर्षीय राजू यादव, जो सहजपुरी शराब दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान मनकेड़ी निवासी बबलू झारिया वहां पहुंचा और शराब व पैकारी देने से मना करने पर गाली-गलौज करने लगा। राजू ने बताया कि मैनेजर के निर्देशानुसार मुफ्त शराब और पैकारी देना प्रतिबंधित है। बबलू झारिया ने अपने साथी पवन देवक और निक्की महरोलिया से फोन पर बात कराई, जिन्होंने भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कुछ ही देर बाद सफेद स्कॉर्पियो वाहन से शराब दुकान पहुंचे। आरोप है कि निक्की महरोलिया ने राजू के साथ मारपीट की और तीनों उसे दुकान के पीछे ले जाकर हाथ-मुक्कों से पीटने लगे।
पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान पवन देवक ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। राजू किसी तरह निक्की और बबलू के चंगुल से छूटकर भागने लगा, तभी पवन देवक ने पिस्टल लोड कर उस पर फायर कर दिया। हालांकि गोली उसे नहीं लगी और वह अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। मारपीट में उसके दाहिने पैर और कंधे में चोटें आई हैं। थाना बरगी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296, 115(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
