दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद उन्होंने गोरखपुर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी और मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी दी।
बब्बू के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे जब वह गोरखपुर क्षेत्र से कार से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन्हें इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन पूर्व शिकायतों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व मंत्री ने इस घटना को संभावित राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो वह धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
मामले पर गोरखपुर सीएसपी एमडी नागोंतिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अज्ञात कॉलर की पहचान करने और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
