दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। शहर के इलाही चौक क्षेत्र में 27 वर्षीय शिवानी विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति ने इसे आत्महत्या बताया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को महिला की मौत की सूचना उनके जबलपुर निवासी परिजनों को दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद रविवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई।
मृतका के पति नीलेश विश्वकर्मा ने बताया कि शिवानी पिछले कुछ समय से एंजाइटी और माइग्रेन से पीड़ित थीं तथा उनका इलाज मंडला, जबलपुर और नागपुर में चल रहा था। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन वह अपने तीन वर्षीय बेटे को स्कूल में आयोजित पेरेंट-टीचर मीटिंग में लेकर गए थे। घर लौटने पर शिवानी कमरे में फंदे से लटकी मिलीं। उन्होंने रस्सी काटकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं, मृतका की मां और बहन ने आत्महत्या की बात पर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शिवानी नर्सिंग का कोर्स कर चुकी थीं और उनका एक तीन साल का बेटा है। उनका आरोप है कि जब शिवानी का एक हाथ ठीक से काम नहीं करता था, तो वह फांसी कैसे लगा सकती थीं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम कराया गया है और सभी पहलुओं की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
