दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) हरारे। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की शानदार 81 रन की पारी की बदौलत भारत ने तीसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा सिर्फ 2 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजरबानी का शिकार बने। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। ईशान किशन ने 26 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि वैभव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन शतक से 19 रन दूर वेस्ली मधेवेरे की गेंद पर कैच आउट हो गए।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 रन का योगदान दिया, जबकि अंत में रिंकू सिंह ने 25 रन की तेज पारी खेली। तिलक वर्मा 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। आखिरी ओवर में भारत ने 13 रन जोड़े और निर्धारित 20 ओवर में 192/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने दो विकेट लिए, जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी, सिकंदर रजा और वेस्ली मधेवेरे को एक-एक सफलता मिली।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए। प्रिंस यादव और शिवम दुबे की जगह अशोक शर्मा और सूर्यांश शेडगे को मौका दिया गया। वहीं जिम्बाब्वे ने रिचर्ड नगारवा की जगह वेलिंगटन मसाकाद्जा को टीम में शामिल किया। अब मेजबान टीम को जीत के लिए 20 ओवर में 193 रन बनाने होंगे।
Tags
national
