Jabalpur News: शादी से इनकार पर खूनी संघर्ष, सराफ और तिवारी परिवार के बीच चले लाठी-डंडे; वाहनों में लगाई आग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझौली क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। युवक-युवती के बीच शादी को लेकर हुए मतभेद के बाद दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया और सड़क किनारे खड़े वाहनों में आग लगा दी। 

जानकारी के अनुसार, मझौली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक और युवती के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले युवती ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला परिवारों तक पहुंचा तो दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

शुक्रवार रात विवाद ने उग्र रूप ले लिया और सराफ तथा तिवारी परिवार के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी नेहरू खंडाते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। आगजनी की घटना को देखते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि युवक और युवती के बीच पहले दोस्ती थी। युवती की शादी कहीं और तय होने के बाद युवक द्वारा मोबाइल पर कुछ संदेश भेजे गए थे, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट और आगजनी तक पहुंच गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में करीब 16 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post