दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के बढ़ई मोहल्ला दमोहनाका में पुराने विवाद को लेकर दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक नाबालिग सहित दो युवक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बढ़ई मोहल्ला दमोहनाका निवासी 16 वर्षीय कृष्णा सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीती रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी कार्तिक विश्वकर्मा के साथ नरपत पंडा के घर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान अरमान कोष्टा और राहुल वहां पहुंचे और एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। जब उसने और कार्तिक ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी अरमान कोष्टा ने चाकू निकालकर कार्तिक विश्वकर्मा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ के बाईं ओर चोट आई। वहीं राहुल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अरमान ने चाकू से हमला कर कृष्णा सिंह ठाकुर के बाएं हाथ की भुजा में भी चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
