सोशल मीडिया पर पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती, जबरन निकाह और यौन शोषण का आरोप: पीड़िता ने सुनाई आपबीती, 5 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/मेरठ। राजधानी दिल्ली के जामिया नगर थाना क्षेत्र में एक दलित हिंदू युवती ने सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाने, जबरन धर्मांतरण, निकाह और लगातार यौन शोषण किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी फहीम, उसके माता-पिता, भाई और एक मौलवी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान साहिल नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मार्च 2022 में युवक ने उसे दिल्ली के बाटला हाउस बुलाया। युवती का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया और उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।

असली पहचान छिपाने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि बाद में आरोपी उसे दोबारा दिल्ली बुलाकर कथित रूप से धमकाते हुए मेरठ के सठला गांव ले गया। वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि जिस युवक को वह साहिल समझती थी, उसका वास्तविक नाम फहीम है। युवती का आरोप है कि इसके बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा भी प्रताड़ित किया गया।

जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि उसे एक मदरसे में ले जाकर जबरन निकाह कराया गया। इसके बाद उस पर बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने और धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई।

यौन शोषण और देह व्यापार में धकेलने का आरोप


युवती ने आरोप लगाया है कि निकाह के बाद उसके साथ लगातार यौन शोषण किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास की मिलीभगत से उसे देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। पीड़िता के मुताबिक, कई लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिनकी संख्या तक उसे याद नहीं है।

आधार कार्ड में बदलाव कराने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि गांव के प्रधान की मदद से उसके आधार कार्ड में पिता के नाम की जगह फहीम का नाम दर्ज करा दिया गया। वर्ष 2023 में उसने एक बच्ची को जन्म दिया। बाद में आरोपी के जेल जाने के बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची, लेकिन वहां भी उसे सहारा नहीं मिला।

आत्महत्या की कोशिश से पहले बचाई गई जान

पीड़िता ने बताया कि लगातार प्रताड़ना और उपेक्षा से परेशान होकर वह अपनी बच्ची के साथ आत्महत्या करने जा रही थी, लेकिन एक अजनबी ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। इसके बाद उसने जामिया नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post