अभिषेक बनर्जी के घर तड़के 3 बजे पुलिस की रेड, चार घंटे चली तलाशी; TMC ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध


दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कोलकाता।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर शुक्रवार देर रात कोलकाता पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस टीम केंद्रीय बलों के जवानों के साथ तड़के करीब 3 बजे पहुंची और लगभग चार घंटे तक घर की तलाशी ली।

जानकारी के मुताबिक पुलिस की यह कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (पीए) सुमित रॉय की तलाश में की गई। सुमित रॉय के खिलाफ सालबोनी थाने में कथित वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही है। जांच के दौरान रॉय का मोबाइल फोन आखिरी बार अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के आसपास सक्रिय पाया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।

छापेमारी की सूचना मिलते ही ममता बनर्जी भी देर रात अभिषेक के आवास पहुंचीं। कुछ समय रुकने के बाद वह वापस लौट गईं।

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और घर के हर कमरे की तलाशी ली। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया।

हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस को कई बड़े झटके लगे हैं। फर्जी हस्ताक्षर विवाद के बाद कई विधायक और सांसद पार्टी से अलग हो चुके हैं। विधानसभा में पार्टी के 80 में से 58 विधायक अलग गुट का समर्थन कर चुके हैं, जबकि लोकसभा के 28 सांसदों में से 20 सांसद एनडीए के समर्थन में जाने का फैसला कर चुके हैं। इसके अलावा राज्यसभा के भी चार सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं।

इन घटनाक्रमों के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस की स्थिति को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं पुलिस की छापेमारी और उससे जुड़े आरोप-प्रत्यारोप को लेकर राजनीतिक माहौल और गर्मा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post