Jabalpur News: भाजपा नेत्री की गोली लगने से मौत, कुछ दिन पहले घर पर फेंके गए थे बम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। 
भाजपा की महिला नेता संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि घर के बाहर हो रहे एक विवाद के दौरान हड़बड़ाहट में उनकी ही लाइसेंसी पिस्टल का ट्रिगर दब गया, जिससे गोली सीधे उनके पेट में जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच न्यू शोभापुर इलाके में संगीता रजक के घर के बाहर कुछ अज्ञात लोग गाली-गलौज कर रहे थे। आवाज सुनकर संगीता रजक अपने पति बंटी रजक के साथ बाहर आईं और उन्होंने बदमाशों को फटकार लगाते हुए विरोध किया। इस बात पर वहां मौजूद लोगों के साथ उनका विवाद बढ़ गया और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

बढ़ते विवाद और तनाव को देखते हुए संगीता रजक अचानक घर के अंदर गईं और अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आईं। इसी बीच हड़बड़ाहट में अचानक पिस्टल का ट्रिगर दब गया। गोली सीधे संगीता रजक के पेट में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ीं। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

कुछ दिनों पहले ही अज्ञात बदमाशों ने संगीता रजक के घर पर बम पटके थे। उस दौरान बदमाशों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की थी, जिसकी शिकायत उनके पति बंटी रजक ने थाने में दर्ज कराई थी। इस हमले के बाद से ही पूरा परिवार दहशत के साए में जी रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस इसे एक दुर्घटना मानकर चल रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि देर रात घर के बाहर विवाद करने वाले लोग कौन थे और विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था।

उन्होंने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में गोकलपुर वार्ड से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वे आगामी चुनाव के लिए भी अपनी तैयारी में जुटी हुई थीं। उनके पति बंटी रजक भी भाजपा नेता हैं

Post a Comment

Previous Post Next Post