दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता की सगी बहन का देवर है। आरोपी ने शादी का वादा कर पिछले 6 वर्षों तक युवती को अपने जाल में फंसाए रखा और अब शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान बढ़ी थीं नजदीकियां
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय पीड़िता का अपनी बहन के ससुराल में लगातार आना-जाना था। इसी दौरान उसकी बातचीत और जान-पहचान अपनी बहन के देवर से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे आरोपी ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का भरोसा दिलाने लगा। पारिवारिक रिश्ता होने के कारण युवती भी आरोपी की बातों और वादों पर पूरी तरह भरोसा कर बैठी।
होटल में ले जाकर पहली बार किया गलत काम
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी लिखित शिकायत में बताया कि आरोपी की नीयत शुरू से खराब थी। 15 जून 2020 को आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अधारताल स्थित 'स्टॉप ऑन होटल' में ले गया। वहां आरोपी ने पहली बार युवती की मर्जी के खिलाफ उसके साथ गलत काम (दुराचार) किया। जब पीड़िता ने इस पर आपत्ति जताई और विरोध किया, तो आरोपी ने जल्द ही उससे सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने का पक्का वादा कर दिया। इसी शादी के झूठे वादे की आड़ में आरोपी पिछले 6 साल से लगातार डरा-धमकाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
शादी की बात आते ही मुकरा आरोपी, धमकी देकर भगाया
वक्त गुजरने के साथ जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने और अपने वादे को निभाने का दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी के तेवर पूरी तरह बदल गए। आरोपी ने युवती से शादी करने से साफ तौर पर इनकार कर दिया और उसे मुँह बंद रखने की धमकियां देने लगा। आरोपी के इस धोखे और असली रंग को देखने के बाद पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और उसने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश शुरू
अधारताल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्परता दिखाई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार (रेप) और डराने-धमकाने सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल चेकअप) कराया जा रहा है और मामले की डायरी तैयार की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम गठित कर दी गई है, और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
