Jabalpur News: थाने के अंदर युवती ने किया खुदकुशी का प्रयास, खुद पर उड़ेला पेट्रोल, पुलिस पर रिश्वत मांगने का लगाया आरोप ;देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर
 मदन महल थाने के भीतर ही एक युवती न  खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद महिला पुलिस स्टाफ और अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाई और युवती को काबू में कर अनहोनी को टाल दिया। 

बातचीत के दौरान अचानक निकाली पेट्रोल की कुप्पी

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ा थाना क्षेत्र के गुप्ता नगर की रहने वाली युवती जयंती यादव अचानक एक डिब्बे में पेट्रोल लेकर मदन महल थाने पहुंची थी। वह वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से किसी मामले को लेकर चर्चा कर रही थी। बातचीत के दौरान ही अचानक युवती ने अपना आपा खो दिया और अपने पास रखे डिब्बे से खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। थाने के भीतर युवती को ऐसा आत्मघाती कदम उठाते देख वहां मौजूद स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। इससे पहले कि युवती कोई और घातक कदम उठा पाती, महिला पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा लिया और शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक, युवती जयंती यादव सितंबर 2025 में स्नेह नगर क्षेत्र में हुई एक पुरानी चाकूबाजी की घटना में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से बेहद असंतुष्ट और आक्रोशित थी। ज्ञात हो कि सितंबर 2025 में मान्या ठाकुर नामक युवक पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें मदन महल पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया था।

इस मामले में दो आरोपी पहले ही दबोचे जा चुके थे, जबकि हाल ही में पुलिस ने तीसरे आरोपी के रूप में लकी मरावी नामक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जयंती यादव का आरोप है कि पुलिस ने लकी मरावी को इस मामले में झूठा फंसाया है और वास्तविक दोषियों को बचाने के लिए निष्पक्ष जांच नहीं की गई।

जांच के नाम पर रिश्वत मांगने के संगीन आरोप

युवती ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल दागे हैं। जयंती यादव का दावा है कि मामले को रफा-दफा करने और जांच को प्रभावित करने के एवज में उससे पुलिस स्तर पर रिश्वत की मांग की गई थी। हालांकि, युवती द्वारा लगाए गए इन संगीन आरोपों की स्वतंत्र रूप से अभी कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।

आरोपों की होगी निष्पक्ष जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल युवती को समझाइश देकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। युवती द्वारा पुलिस स्टाफ पर लगाए गए भ्रष्टाचार और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post