Jabalpur News: वीडियो बनाने का विरोध करने पर युवक का अपहरण; बस स्टैंड से मंडी तक ले जाकर बेल्ट से पीटा, 6 गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में वीडियो बनाने का विरोध करने पर एक युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर न केवल नकद रुपये छीने, बल्कि जान से मारने की धमकी देकर परिजनों से फोन-पे (PhonePe) के माध्यम से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवाए। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खितौला पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोच लिया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम, चाकू, बेल्ट, 4 मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल 2 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

बस स्टैंड पर विवाद के बाद शुरू हुआ अपहरण का खेल

खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि नया मोहल्ला सिहोरा निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद सोहेल रंगरेज ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सोहेल लोडिंग ऑटो चलाने का काम करता है। 3 जून 2026 की रात करीब 11 बजे जब वह अपनी गाड़ी खितौला बस स्टैंड पर खड़ी करने गया था, तब उसका दोस्त अमन कोरी अपनी बहन के साथ वहां खड़ा था। इसी दौरान लखराम मोहल्ला निवासी विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल और आशू कुम्हार वहां पहुंचे और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। अमन की बहन और सोहेल ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।

कुछ ही देर बाद ये तीनों अपने अन्य साथियों—अजीत कोल, दीपक कोल और सज्जू कोल के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वापस आए। बदमाशों ने आते ही सोहेल पर हमला कर दिया और उसे जबरन अजीत कोल की मोटरसाइकिल के बीच में बैठाकर अगवा कर लिया।

बदमाश सोहेल को पहले स्टेडियम ले गए और वहां मारपीट की। इसके बाद वे उसे लखराम मोहल्ला होते हुए कृषि उपज मंडी पहरेवा (खितौला) ले गए। रास्ते में उनका एक 16 वर्षीय किशोर साथी भी उनके साथ शामिल हो गया। मंडी परिसर में आरोपियों ने सोहेल को बेरहमी से पीटा। आरोपी अजीत कोल ने बेल्ट से उसकी पीठ, हाथ और कनपटी पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जबकि विक्की उर्फ विकास कोल ने चाकू निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान विक्की अपने मोबाइल से मारपीट का वीडियो भी बनाता रहा।

मां को फोन करवाकर मांगे 10 हजार, भाई से करवाए 6 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर

मारपीट के दौरान अजीत ने सोहेल की जेब में रखे 2,600 रुपये नकद छीन लिए। इसके बाद सभी आरोपी उसे छोड़ने के बदले 10,000 रुपये की रंगदारी मांगने लगे। जान का खतरा देखते हुए सोहेल ने अपनी मां शबाना बी को फोन लगाया, जिन्होंने छोटे भाई शोएब से बात कराई। सोहेल का भाई शोएब जब पैसे लेकर मंडी पहुंचा, तो आरोपियों ने दीपक कोल के फोन-पे नंबर पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। शोएब ने डर के मारे दीपक के खाते में 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद सोहेल मंडी का बाजू वाला गेट कूदकर अपनी जान बचाकर भागा। बदमाशों ने उसके भाई शोएब के साथ भी मारपीट की, जो बाद में किसी तरह घर पहुंचा।

एसपी के निर्देश पर पुलिस का एक्शन, 6 आरोपी पहुंचे जेल

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघरिया के मार्गदर्शन में गठित टीम ने दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में अजीत कोल (22 वर्ष) - निवासी लखराम मोहल्ला, दीपक कोल (25 वर्ष) - निवासी वार्ड नंबर 13 खितौला, विक्की उर्फ विकास कोल (19 वर्ष) - निवासी लखराम मोहल्ला, ओम कोल (19 वर्ष) - निवासी लखराम मोहल्ला, आशू कुम्हार (20 वर्ष) - निवासी लखराम मोहल्ला और संजू उर्फ सज्जू कोल (19 वर्ष) - निवासी लखराम मोहल्ला शामिल हैं।

मुख्य आरोपी अजीत कोल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लूटे गए रुपयों में से उसने बाकी साथियों को हिस्सा दिया था और 600 रुपये खुद रखे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(2) (अपहरण) और 310(2) (डकैती/लूटना) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। वारदात में शामिल 16 वर्षीय किशोर के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रमन सिंह सहित प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश दुबे, आरक्षक जितेंद्र, चंदन, मयंक, परम, राजेश और राकेश मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post