Jabalpur News: चार साल से अधिक समय से एक ही थाने में पदस्थ 73 पुलिसकर्मियों का तबादला, एसपी ने जारी किए आदेश; देखे सूची

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और संतुलित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थानांतरित किया गया है जो चार वर्ष अथवा उससे अधिक समय से एक ही थाना, चौकी, कार्यालय या इकाई में पदस्थ थे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है तथा संबंधित कर्मचारियों को अगले आदेश तक नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानांतरण सूची में आरक्षक, महिला आरक्षक, प्रधान आरक्षक, कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक तथा अन्य पुलिस कर्मचारियों सहित कुल 73 अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है। शहर के प्रमुख थानों कोतवाली, घमापुर, गढ़ा, रांझी, खमरिया, गोहलपुर, गोरखपुर, सिविल लाइन, केण्ट, ओमती, हनुमानताल, पनागर, बरगी, बरेला, सिहोरा, गोसलपुर, खितौला, मझौली, अजाक थाना, अपराध शाखा, साइबर सेल और यातायात इकाइयों में व्यापक फेरबदल किया गया है।

आदेश के अनुसार आरक्षक नीतेष वानखेड़े को कोतवाली से घमापुर, शैलेन्द्र कुमार शुक्ला को ओमती से घमापुर, मंजूलता द्विवेदी को सिविल लाइन से ओमती तथा शिवनारायण कुडापे को सिविल लाइन से कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। इसी प्रकार रांझी, खमरिया, ग्वारीघाट, गढ़ा, गोहलपुर, हनुमानताल, पाटन, बेलबाग, चरगवां, बेलखेड़ा, गोराबाजार और अन्य थानों में भी कर्मचारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं।

महिला पुलिसकर्मियों में पूर्णिमा चौधरी, रशमीत कौर, पूनम कुशवाहा, रोशनी साहू, कविता शर्मा, प्रिया कुशराम, वंदना भार्गव, रीना चौधरी और विजया राजपूत सहित कई महिला आरक्षकों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। वहीं अपराध शाखा, अजाक थाना और यातायात इकाई में लंबे समय से पदस्थ कर्मचारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

यातायात शाखा में कार्यरत कई कर्मचारियों को थानों में तथा थानों में कार्यरत कुछ कर्मचारियों को यातायात में भेजा गया है। अपराध शाखा एवं साइबर सेल में भी आवश्यक प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। 

देखे सूची






Post a Comment

Previous Post Next Post