Jabalpur News: जबलपुर-रायपुर हाईवे की नागा घाटी में फिर हादसा, लोहे से भरा ट्रक पलटा, चालक-कंडक्टर गंभीर घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नागा घाटी में सोमवार दोपहर एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से लोहा लेकर जबलपुर की ओर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक में भरा लोहा सड़क किनारे बिखर गया।

घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नागा घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जिम्मेदार है। उनका कहना है कि सड़क का डिजाइन भारी वाहनों के लिए सुरक्षित नहीं है, जिसके चलते यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं।

स्थानीय निवासी आशीष कुमार शुक्ला ने बताया कि इस मार्ग पर दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए अतिरिक्त स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपायों की मांग की है।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि घायल चालक और कंडक्टर का इलाज जारी है। साथ ही, दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएचएआई अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपायों पर विचार किया जाएगा।

नागा घाटी में लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हाईवे डिजाइन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post