Jabalpur Breaking News: राजुल डुप्लेक्स में गोलीकांड, महिला और पुरुष की मौत, जांच में जुटी पुलिस



दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
  शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में कारोबार और पैसों के लेनदेन को विवाद की वजह मान रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है। दोनों ने कुछ समय पहले साझेदारी में एक ब्यूटी पार्लर सेंटर शुरू किया था। सोमवार दोपहर शक्ति अपने कमरे पर मौजूद थी, तभी दीपेश वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दीपेश ने पिस्टल निकालकर शक्ति को गोली मार दी। गोली लगते ही शक्ति की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद दीपेश ने स्वयं को भी गोली मार ली।

गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोग

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है।

मोबाइल और दस्तावेजों की जांच

पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका शक्ति कोहली के जीजा शरद जाटव ने बताया कि दीपेश राठौर पहले फर्नीचर व्यवसाय से जुड़ा था। उसने शक्ति को भरोसे में लेकर ब्यूटी पार्लर के लिए आकर्षक इंटीरियर तैयार करने और उसे शहर का सबसे बेहतर पार्लर बनाने का सपना दिखाया था। इसी दौरान दोनों के बीच बिजनेस पार्टनरशिप हुई।

परिजनों के मुताबिक, पिछले छह से सात महीनों से दोनों की कारोबारी मुलाकातें लगातार हो रही थीं। बाद में दीपेश के बारे में जानकारी जुटाने पर उसके खिलाफ आपराधिक मामले होने की जानकारी मिली। परिजनों का दावा है कि वह एक दुष्कर्म प्रकरण में जेल भी जा चुका था। इसके बाद शक्ति ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दिया था।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post