Jabalpur News: जबलपुर-नागपुर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार की दोपहर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। हाईवे पर नर्मदा नदी के पुल के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के बाद बाइक में अचानक आग लग गई।

नर्मदा पुल पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बरगी थाना क्षेत्र और गौर पुलिस चौकी के बीच स्थित नर्मदा नदी के पुल पर हुई। बरगी की ओर से आ रहे बाइक सवारों को सामने से आ रहे डंपर (क्रमांक MP34-ZF-6543) के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए टक्कर मार दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायल महिला मेडिकल रेफर

घटना की सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

चूंकि दुर्घटना स्थल बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए कुछ ही देर में बरगी थाने का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी

शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक युवक बरगी से गौर की ओर आ रहे थे। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्ती और उनके परिजनों से संपर्क करने के प्रयास कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post