दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गाजीमिया मुन्ना होटल के पास चाय की दुकान चलाने वाले एक 18 वर्षीय युवक पर दो बदमाशों ने महज ₹500 की अड़ीबाजी (पार्टी के पैसे) और सिगरेट न देने पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
गोहलपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित साहिल अंसारी (उम्र 18 वर्ष), निवासी गाजीमिया मुन्ना होटल के पास, वहीं होटल के बाजू में अपनी चाय की दुकान चलाता है। रविवार, 14 जून की रात करीब 12:30 बजे साहिल रोज की तरह अपनी चाय की दुकान बंद करके बाहर खड़ा हुआ था। इसी दौरान चांदनी चौक निवासी हारून और साहिद उसके पास पहुंचे। दोनों आरोपियों ने आते ही साहिल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन सिगरेट पिलाने का दबाव बनाने लगे।
सिगरेट मांगने के साथ ही आरोपियों ने साहिल से पार्टी करने के नाम पर ₹500 रंगदारी (अड़ी) की मांग की। जब साहिल ने गालियां देने से मना किया और पैसे देने में असमर्थता जताई, तो दोनों आरोपी भड़क गए और हाथ-मुक्कों से उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे। इसी बीच आरोपी हारून ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और साहिल पर जानलेवा हमला करते हुए उसके बाएं पैर की जांघ में घोंप दिया। साहिल के चीखने-चिल्लाने पर दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
लहूलुहान हालत में पीड़ित साहिल अंसारी ने गोहलपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी हारून और साहिद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी) , 119(1), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। गोहलपुर थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
jabalpur
