Jabalpur News: रेलवे संपत्ति पर डाका डालने वाले दो शातिर चोर और एक कबाड़ी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने रविवार को सतपुला साइडिंग के पास दबिश देकर रेल लाइन के टुकड़े और कीमती कॉपर वायर चुराने वाले दो शातिर चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने उखरी चौराहे पर दबिश देकर चोरी का रेल मटेरियल खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी दबोच लिया है। आरोपियों के पास से चोरी की भारी मात्रा में रेल सामग्री जब्त की गई है।

गश्त के दौरान आरपीएफ ने घेराबंदी कर पकड़ा

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ के उपनिरीक्षक अरविंद सिंह और आरक्षक हरीकेश दुबे गोकलपुर-रांझी क्षेत्र में रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सतपुला रेलवे साइडिंग के पास खड़े एक इंजन के इर्द-गर्द दो युवक अत्यंत संदिग्ध हालत में घूमते हुए दिखाई दिए। आरपीएफ टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

ज्यादा मुनाफे के लालच में दोबारा चोरी करने पहुंचे थे आरोपी

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिनेश उर्फ भूत चौधरी (24 वर्ष, निवासी बरेला) और लोकेश उर्फ हर्ष सिंह थापा (23 वर्ष, निवासी गोरा बाजार) के रूप में बताई। आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने उसी दिन सुबह रेलवे परिसर से रेल लाइन के दो भारी टुकड़े चुराए थे, जिन्हें ऑटो में लादकर उखरी चौराहा स्थित एक कबाड़ी को बेच आए थे। ज्यादा और आसान पैसा कमाने के लालच में दोनों आरोपी दोबारा साइडिंग पहुंचे थे और इस बार कोच व इंजन के अन्य हिस्सों को निशाना बनाने की तैयारी में थे। वे एक कॉपर वायर और तीन रेल लाइन के टुकड़े निकाल चुके थे, तभी आरपीएफ ने उन्हें धर दबोचा।

उखरी चौराहे की कबाड़ दुकान पर दबिश, माल बरामद

चोरों के कबूलनामे के बाद आरपीएफ उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल उखरी चौराहा स्थित कबाड़ दुकान पहुंचे। पुलिस की सख्ती के आगे कबाड़ी ने चोरी का रेल मटेरियल खरीदना स्वीकार कर लिया। कबाड़ी की निशानदेही पर दुकान से सुबह बेचे गए रेल लाइन के टुकड़े बरामद कर लिए गए। आरपीएफ ने चोरों और कबाड़ी के कब्जे से रेल लाइन के टुकड़े और कॉपर वायर विधिवत जब्त कर लिए हैं। आरपीएफ अब आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे पूर्व में रेल चोरी की किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post