Jabalpur News: आवारा कुत्ते के हमले से लहूलुहान युवक की अस्पताल में मौत, जांच में जुटी गोहलपुर पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में आवारा श्वान (कुत्ते) के हमले से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। रविवार रात को हुए इस अचानक हमले में श्वान ने युवक को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसके शरीर पर कई जगह गहरे और गंभीर घाव हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में युवक को तुरंत जिला अस्पताल (विक्टोरिया अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात एक अज्ञात युवक क्षेत्र में घूम रहा था, तभी एक हिंसक कुत्ते ने उस पर अचानक हमला कर दिया। युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विक्टोरिया अस्पताल के डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत आपातकालीन उपचार शुरू किया था, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गहरे घावों के कारण सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही स्थानीय रहवासियों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष और दहशत का माहौल है।

फिलहाल गोहलपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बिंदु पर भी तफ्तीश कर रही है कि हमला करने वाला श्वान आवारा था या किसी का पालतू कुत्ता था, जिसे खुला छोड़ दिया गया था। मृतक की जेब या पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस अब आसपास के थानों से संपर्क कर हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post