दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहपुरा थाना पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और एक कारतूस जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि अपराध शाखा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदुआ गांव के कंचनपुर हार के पास मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी पिस्टल लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेन्द्र सिंह गोंड़ (48) निवासी ग्राम अमरपुर बम्हौरी, थाना पाटन बताया। तलाशी लेने पर उसकी जींस की दाहिनी जेब से मैगजीन लगी देशी पिस्टल और बाईं जेब से एक कारतूस बरामद किया गया।
आरोपी से पूछताछ में उसने बताया कि यह हथियार उसे एक अज्ञात व्यक्ति ने रखने के लिए दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल और कारतूस जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, आलोक सिंह, आरक्षक अमित पटैल, गौरव सोनी तथा अपराध थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में अपराध शाखा के सहायक उपनिरीक्षक नरेश पासी, प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डे, अखिलेश पाण्डे और आरक्षक गोविन्द राय की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
