दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना मझोली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पडुआ पिपरिया में आज बुधवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कुल्हाड़ी से सिर पर किए गए वार में 24 वर्षीय अर्जुन उर्फ अज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पिता ने दी पुलिस को जानकारी
ग्राम खबरा निवासी सुंदर सिंह उर्फ बड्डा गौड़ (50 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह खेती-किसानी करता है। आज बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे वह खेत गया हुआ था। करीब 1:45 बजे उसका छोटा बेटा अंजय उर्फ गणेश खेत पर पहुंचा और बताया कि पडुआ पिपरिया में झगड़ा हो गया है, जहां मयंक सेन ने उसके भाई अर्जुन उर्फ अज्जू सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
सूचना मिलते ही सुंदर सिंह शासकीय अस्पताल मझोली पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उनके बेटे अर्जुन सिंह की मृत्यु हो चुकी है। सिर पर गंभीर चोट के कारण उसकी जान चली गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मझोली नेहरू सिंह खण्डाते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया, एफएसएल अधिकारी डॉ. अजय सिंह तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
वरिष्ठ अधिकारियों एवं एफएसएल टीम की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2) व्ही एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मझोली नेहरू सिंह खण्डाते के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद ग्राम पडुआ पिपरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस द्वारा गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
Tags
jabalpur
