दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत छतरपुर गांव के पास स्थित जंगल में बुधवार को एक बुजुर्ग का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 60 से 62 वर्षीय हल्लू कोल के रूप में हुई है, जो ककरहाई तालाब के पास खेत की रखवाली का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार, हल्लू कोल का शव छतरपुर गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर सुनसान जंगल में पड़ा मिला। ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान थे और घटनास्थल पर खून फैला हुआ था।
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर चोट के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने भी इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग अपने खेतों और जंगल की ओर जाने से भी डर रहे हैं।
Tags
jabalpur
