Jabalpur News: हनुमानताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुए के फड़ पर दबिश देकर 10 आरोपियों को दबोचा, हजारों की नगदी बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में संगठित अपराध और जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानताल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी करते हुए 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

बिजली के खंभे के नीचे चल रहा था हार-जीत का दांव

जानकारी के अनुसार, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) गोरखपुर एम.डी. नागोतिया को गश्त के दौरान सूचना मिली कि हनुमानताल आंगनबाड़ी केंद्र के पास मैदान में कुछ लोग बिजली के खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने सभी 10 आरोपियों को धर दबोचा।

50 हजार से अधिक की राशि जप्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से और फड़ से कुल 50,300 रुपये नगद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत जांगड़े, आदित्य खटीक, सुमित खटीक, अंकित खटीक, अनुराग विश्वकर्मा, अंकित कुमार बेन, शिव खटीक, धर्मेन्द्र खटीक, शिवम सोनी और अभिषेक खटीक के रूप में हुई है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता के मार्गदर्शन और सीएसपी एम.डी. नागोतिया के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में हनुमानताल पुलिस के प्रधान आरक्षक शिवशंकर यादव, आरक्षक आशीष, साजिद के साथ-साथ गोरखपुर पुलिस और कंट्रोल रूम के आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post