Jabalpur Breaking News: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़े कोच में लगी आग! लपटें उठते ही मची अफरा-तफरी; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग पार्सल बोगी और उसके बाहर रखे पार्सलों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में कपड़ों सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामान आ गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये का माल जलकर खाक होने की आशंका है।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक पार्सल बोगी में ट्रेन के माध्यम से भेजे जाने वाले सामान के पैकेट रखे हुए थे। इसके अलावा बोगी के बाहर भी बड़ी संख्या में पार्सल रखे थे। अचानक आग भड़कने से वहां रखे कपड़े और अन्य सामान तेजी से इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।

आग की चपेट में आया खाने-पीने का स्टॉल


इस अग्निकांड में प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर संचालित एक खाने-पीने का स्टॉल भी आग की चपेट में आ गया। स्टॉल में रखी खाद्य सामग्री और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में स्टॉल संचालक को भी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

फायर ब्रिगेड, आरपीएफ और जीआरपी ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के अधिकारी एवं जवान भी घटनास्थल पर पहुंच गए। संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया।

लाखों के नुकसान की आशंका, कारण अज्ञात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में पार्सल के रूप में रखे कपड़े और अन्य कीमती सामान बड़ी मात्रा में जलकर नष्ट हो गए हैं। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। आग लगने की वजह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की आवश्यकता है।



Post a Comment

Previous Post Next Post