जानकारी के अनुसार, नौसाद अली अपने चाचा नासिर अली के साथ चार खंभा क्षेत्र में वेल्डिंग का काम करता था। रविवार रात करीब 1 बजे वह बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के पांच लड़कों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसके सिर पर पत्थर से हमला किया। इसके बाद उसके गिरते ही चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल नौसाद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वारदात के बाद चार खंभा क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।चोरी करते पकड़े गए युवक को थप्पड़ मारने के बाद बढ़ी थी रंजिश
मृतक के चाचा नासिर अली ने बताया कि करीब एक महीने पहले नौसाद ने हनुमानताल क्षेत्र में आरोपियों में से एक को चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस दौरान नौसाद ने उसे थप्पड़ मार दिया था। चाचा का आरोप है कि इसी बात का बदला लेने के लिए पांच लड़कों ने रविवार रात नौसाद को घेरकर उसकी हत्या कर दी।
नासिर अली ने बताया कि आरोपियों की कई तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
मृतक
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, मृतक के चाचा नासिर अली के बयान के आधार पर पांच लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

