दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में स्थित क्वार्टर 5-सी में मंगलवार को एक आरक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आरक्षक सुरेश चौधरी के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन में पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से आरक्षक के क्वार्टर का दरवाजा बंद था और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। संदेह होने पर पड़ोसियों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां आरक्षक मृत अवस्था में पड़े मिले।
घटना के समय आरक्षक घर पर अकेले थे। दिवाली पर उनका पूरा परिवार गांव गया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल जहर अथवा किसी अन्य वस्तु के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। आरक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
