Jabalpur News: उड़िया और सोनकर समाज के बीच पत्थरबाजी, ओमती थाने में हंगामा; बम चलने की भी चर्चा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र अंतर्गत झूलेलाल मंदिर के पास गाड़ी पार्क करने की बात को लेकर उड़िया और सोनकर समाज के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार संचालित हो रहा है, जिसके चलते आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनती रहती है। घटना से आक्रोशित उड़िया और यादव समाज के लोग ओमती थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

सीएसपी ने बताया कि उड़िया समाज और सोनकर समाज के बीच विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया था। विवाद में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरियादी पक्ष थाने में मौजूद है, जिसकी शिकायत पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

घटनास्थल पर बम चलने की चर्चाओं को लेकर सीएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post