दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दीपावली की रात जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या के मामले में घमापुर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उनका जुलूस निकाला। इस दौरान मृतकों के परिजन आक्रोशित हो गए और आरोपियों पर हमला करने के लिए दौड़ पड़े। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपियों को भीड़ से बचाया और स्थिति नियंत्रित करते हुए उन्हें कांचघर तक पैदल ले जाया गया।
भाई की हत्या का दर्द, पत्थर लेकर आरोपियों के पीछे दौड़ी बहन
आरोपियों के जुलूस के दौरान मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन का गुस्सा फूट पड़ा। हाथ में पत्थर लेकर वह आरोपियों को मारने के लिए दौड़ पड़ी। इस दौरान उसके मुंह से बार-बार एक ही बात निकल रही थी—‘तूने मेरे भाई को क्यों मार डाला।’ बहन का यह आक्रोश देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत कराया और आरोपियों को सुरक्षित वहां से निकाला।
सिद्धबाबा मंदिर के पास जुटी भीड़, आरोपियों पर हमला करने की कोशिश
सोमवार रात घमापुर पुलिस ने कार्तिक चौधरी और करण पासी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस आरोपियों को सिद्धबाबा मंदिर के पास घटनास्थल पर लेकर पहुंची। इसकी जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों को मारने की कोशिश की, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आरोपियों को भीड़ से बचाया और बाद में उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
पुरानी रंजिश में घात लगाकर किया हमला
मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी उर्फ जय कुमार के मुताबिक, रात करीब एक बजे कार्तिक और करण अपने दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी और उसके साथियों से मृतकों का पुराना विवाद चल रहा था। दीपावली की रात संत रविदास मंदिर के पास मोहल्ले के युवकों के एकत्र होने के दौरान पुरानी रंजिश और जुआ खेलने को लेकर विवाद हुआ, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोपियों ने चाकू से हमला कर कार्तिक और करण की हत्या कर दी।
सात गिरफ्तार, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी
घमापुर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। सीएसपी शशांक गुर्जर के अनुसार, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Tags
jabalpur

.jpeg)