दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में वर्ष 2019 में हुए बहुचर्चित पुलिस एनकाउंटर मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। राज्य शासन के गृह विभाग ने राजपत्र में अधिसूचना जारी कर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के लिए औपचारिक सहमति प्रदान कर दी है। करीब सात साल बाद मामले में केंद्रीय जांच का रास्ता साफ होने से एक बार फिर यह प्रकरण चर्चा में आ गया है।
जबलपुर के गोरखपुर क्षेत्र का रहने वाला विजय यादव कुख्यात गैंगस्टर था। पुलिस ने उस पर 25 हजार से 30 हजार रुपये तक का इनाम घोषित किया था। विजय यादव के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अवैध वसूली सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर जबलपुर के कांग्रेस नेता राजू मिश्रा सहित अन्य मामलों में संलिप्तता के आरोप भी लगाए गए थे।
नेशनल हाईवे-12 पर हुई थी मुठभेड़
19 अगस्त 2019 की सुबह नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर पुलिस और विजय यादव व उसके साथी समीर खान के बीच कथित मुठभेड़ हुई थी। इस एनकाउंटर में दोनों की मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना सुआतला में अपराध क्रमांक 377/2019 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 307/34 और आयुध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
परिजनों ने पहले दिन से उठाए थे सवाल
मुठभेड़ के बाद मृतकों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए थे। परिजनों ने इसे कथित फर्जी एनकाउंटर बताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर शिकायतें भी की गई थीं।
शिवराज सिंह चौहान ने की थी CBI जांच की घोषणा
विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस मामले की सीबीआई जांच कराने की घोषणा की थी। हालांकि, लंबे समय तक जांच हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब राज्य सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत सीबीआई जांच के लिए औपचारिक सहमति दे दी है।
गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, इस प्रकरण में हुए अपराध, उसके दुष्प्रेरण और किसी भी प्रकार के षड्यंत्र की जांच का दायित्व अब सीबीआई संभालेगी। सात साल पुराने इस बहुचर्चित एनकाउंटर मामले में केंद्रीय जांच शुरू होने से पुलिस कार्रवाई और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पड़ताल का रास्ता खुल गया है।
