Jabalpur News: चूल्हे पर खाना बनाते समय महिला की साड़ी में लगी आग, 30 प्रतिशत झुलसी; डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मुंडी टोरिया में चूल्हे पर खाना बनाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 40 वर्षीय महिला सरस्वती कोल की साड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे वह करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गईं। घटना के बाद परिजनों ने 108 एम्बुलेंस से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में डायल 112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

एम्बुलेंस नहीं मिली तो डायल 112 ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना डायल 112 को मिलने के बाद मौके पर तैनात हेड कांस्टेबल हरिओम तिवारी और पंचेश्वर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सरस्वती कोल आग से बुरी तरह झुलस गई थीं और उन्हें तत्काल उपचार की आवश्यकता थी।

पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया

पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त होते ही पुलिसकर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई की। समय पर उपचार उपलब्ध होने से महिला की स्थिति सुरक्षित बताई गई है।

इस घटना में डायल 112 की टीम ने संकट की घड़ी में तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला की मदद की। फिलहाल रांझी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post