MP News: शिवपुरी में भाजपा पदाधिकारी ने विधायक प्रीतम लोधी पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- क्षेत्र में बढ़ रहा आतंक

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार उनकी ही पार्टी के खोड़ मंडल महामंत्री मनोज सगर ने विधायक का नाम लेकर क्षेत्र में आतंक बढ़ने का आरोप लगाया है। मनोज सगर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने साथ मारपीट होने की बात कही। वहीं विधायक प्रीतम लोधी ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे मनोज सगर को जानते तक नहीं हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात मनोज सगर अपने एक दोस्त के शोरूम पर बैठे थे। इसी दौरान अज्जू लोधी और श्याम लोधी पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मनोज सगर शिकायत लेकर पिछोर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए वीडियो भी बनाया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में विधायक का नाम लेकर लगाए आरोप

वीडियो में मनोज सगर कहते नजर आ रहे हैं कि क्षेत्र में विधायक प्रीतम लोधी का आतंक बढ़ रहा है और उनके लोगों ने उनके साथ मारपीट की है। मनोज का दावा है कि उनकी कोई गलती नहीं थी। उन्होंने मारपीट करने वालों से अपने बारे में पूछताछ भी की थी। साथ ही उन्होंने घटना के प्रत्यक्षदर्शी मौजूद होने की बात कही है।

वीडियो में मनोज सगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए भावुक दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी गलती साबित होती है तो जनता उन्हें सजा दे, लेकिन उनके साथ न्याय होना चाहिए। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

भाजपा जिला अध्यक्ष से रिश्तेदारी, हाल ही में बने मंडल महामंत्री

मनोज सगर की रिश्तेदारी भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव से बताई जा रही है। इसी बार उन्हें पार्टी में मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह किसी संगठनात्मक पद पर नहीं रहे थे।

पुलिस कर रही शिकायत की जांच

पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि मनोज सगर ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मारपीट की घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

विधायक बोले- मैं मनोज सगर को जानता ही नहीं

विधायक प्रीतम लोधी ने मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह मनोज सगर को जानते ही नहीं हैं। खोड़ भाजपा मंडल शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में आता है, इसलिए उनकी मनोज सगर से कभी मुलाकात भी नहीं हुई। विधायक ने यह भी कहा कि जिन लोगों पर मनोज ने मारपीट के आरोप लगाए हैं, उन्हें भी वह नहीं जानते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post