दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र में एक चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाले बुजुर्ग दुकानदार से कथित तौर पर एक लाख रुपए गुंडा टैक्स मांगने और रकम नहीं देने पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर माजिद खान उर्फ मूसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, नया मोहल्ला निवासी 64 वर्षीय महफूज रहमान हुसैन चौक में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं। उन्होंने 15 नवंबर 2026 को ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ले का रहने वाला माजिद उर्फ मूसा पिछले 10 से 15 दिनों से उनकी दुकान से बिना पैसे दिए सामान ले जा रहा था। इसके साथ ही दुकान संचालित करने के एवज में एक लाख रुपए गुंडा टैक्स की मांग कर रहा था।
फरियादी के मुताबिक, 15 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए एक लाख रुपए की मांग करने लगा। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और दुकान बंद करा दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे जुनैद खान के साथ भी मारपीट कर आरोपी मौके से भाग गया।
शिकायत पर ओमती पुलिस ने आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा के खिलाफ अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत बीएनएस की धारा 308(2), 308(5), 296(ए), 351(2) एवं 119(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ओमती राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तलाश कर आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा (43), निवासी पुराने हरिजन थाना के पीछे, नया मोहल्ला, ओमती को गिरफ्तार कर लिया।
21 आपराधिक प्रकरण हैं दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओमती थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में अवैध वसूली, धमकी, मारपीट, अवैध हथियार रखने, जुआ खिलाने, घर में घुसकर मारपीट करने, जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने तथा गांजे के अवैध कारोबार सहित अन्य मामलों में कुल 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी ओमती राजपाल सिंह बघेल, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक कुंजबिहारी, प्रधान आरक्षक राम सिंह परते, देवेन्द्र उपाध्याय, संतोष, रिम बहादुर तथा आरक्षक सुजीत और अनुराग की भूमिका रही।
Tags
jabalpur
