दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुरैना दौरे के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। संगठन विस्तार के सिलसिले में मुरैना पहुंचे पटवारी ने सरकार को दिशाहीन बताते हुए उस पर लूट और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने प्रदेश के कृषि मंत्री एवं मुरैना के स्थानीय विधायक एदल सिंह कंसाना पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके संरक्षण में क्षेत्र में नकली खाद बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही है।
जीतू पटवारी ने कहा कि एदल सिंह कंसाना मुरैना के स्थानीय विधायक होने के साथ प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री भी हैं। उनके मुताबिक, मंत्री के सानिध्य में ही यहां नकली खाद बनाने की फैक्ट्री चल रही है। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लगाए हैं।
पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में रेत, खनिज और शराब माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने सरकार को 'अलीबाबा 40 चोर' की सरकार करार देते हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा।
किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं होने का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। किसानों को गेहूं और धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। खेती के लिए जरूरी यूरिया खाद की उपलब्धता को लेकर भी किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जरूरतों को पूरा करने में विफल रही है।
संगठन विस्तार के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। पार्टी संगठन स्तर पर विस्तार और मजबूती की दिशा में जुटी है। आने वाले समय में किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।
Tags
madhya pradesh
