MP News: प्रदीप तिवारी बने मध्यप्रदेश तहसीलदार संघ के प्रदेश अध्यक्ष, 72 वोटों से दर्ज की जीत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा अधिकारी संघ (तहसीलदार संघ) के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में प्रदीप तिवारी ने शानदार जीत दर्ज की है। रविवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में संपन्न हुए चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हर्ष विक्रम सिंह को 72 मतों के अंतर से पराजित कर प्रदेश अध्यक्ष का पद हासिल किया।

चुनाव में कुल 299 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे। प्रदीप तिवारी को सर्वाधिक 138 वोट मिले, जबकि हर्ष विक्रम सिंह को 66 और अमित दुबे को 57 वोट प्राप्त हुए। वहीं पंकज नयन तिवारी को 34 वोट मिले। इस पद के चार मतपत्र निरस्त घोषित किए गए।

चुनाव का एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय कुमार त्यागी को एक भी वोट नहीं मिला। बताया गया कि उन्होंने मतदान के दौरान एक अन्य प्रत्याशी को समर्थन दे दिया था।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अर्पित मेहता विजयी

वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के चुनाव में अर्पित मेहता ने 149 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी छवि पंत को 40 मतों से हराया। छवि पंत को 109 वोट मिले। इसके अलावा देवेंद्र सिंह को 19, विश्राम बघेल को 15, संजय मिश्रा (अजय) को 2 और राजेश गौतम को एक वोट प्राप्त हुआ। इस पद पर भी चार मतपत्र निरस्त किए गए।

राजस्व मंत्री की मौजूदगी में हुआ चुनाव

चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए एडीएम/एसडीएम आकाश श्रीवास्तव सहित चुनाव अधिकारी डिप्टी कलेक्टर गुलाब सिंह बघेल, पीसी जैन और अवनीश मिश्रा मौजूद रहे। प्रदीप तिवारी की जीत के साथ ही तहसीलदार संघ को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post