दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में एक घर से करीब एक किलो वजनी सोने का बिस्किट चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने जांच के बाद घर में काम करने वाली महिला कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किया गया सोने का बिस्किट भी बरामद कर लिया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मकान मालिक ने मदन महल थाने पहुंचकर घर से सोने का बिस्किट गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने पुलिस को बताया कि घर में करीब एक किलो वजन का सोने का बिस्किट रखा हुआ था, जो निर्धारित स्थान से अचानक गायब हो गया। परिवार के सदस्यों ने घर में काफी तलाश की, लेकिन सोने का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी और घर में काम करने वाले कर्मचारियों पर संदेह जताया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर घर में काम करने वाली महिला कर्मचारी से पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसकी भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला के कब्जे से चोरी किया गया करीब एक किलो वजनी सोने का बिस्किट बरामद कर लिया गया।
बरामद सोने के बिस्किट की अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि सोने की वास्तविक शुद्धता और कैरेट का पता लगाने के लिए उसकी टंचिंग कराई जा रही है। इसके बाद ही बाजार मूल्य की सटीक जानकारी सामने आएगी।
सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के अनुसार, आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Tags
jabalpur
