Jabalpur News: 63 वर्षीय बुजुर्ग को बिना बताए बना दिया लोन का गारंटर, आधार-पैन कार्ड की कूटरचना कर हड़पे 75 लाख; 3 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में बैंक से करोड़ों रुपये के ऋण के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश रचकर आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम व फोटो की कूटरचना की और दूसरे व्यक्तियों की पहचान धारण कर बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया। इस मामले में 75 लाख रुपये प्राप्त कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है। इतना ही नहीं, एक 63 वर्षीय बुजुर्ग को बिना जानकारी और सहमति के ऋण का गारंटर भी दर्शा दिया गया। शिकायत की जांच के बाद गोरखपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नया पुल, नालबंद मोहल्ला निवासी 63 वर्षीय दिलदार हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 दिसंबर 2025 को उन्हें बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से सूचना पत्र मिला। इसके बाद 2 जनवरी 2026 को बैंक की ओर से विधिक नोटिस भी भेजा गया। इन दस्तावेजों में उन्हें मेसर्स ए.बी.एस. काम नामक पार्टनरशिप फर्म के 90 लाख रुपये के ऋण में गारंटर बताया गया था। जबकि उनका कहना था कि न तो उनकी फर्म के संचालकों से कोई जान-पहचान है और न ही उन्होंने कभी किसी प्रकार की गारंटी दी है। उन्होंने बैंक में अपनी संपत्ति के दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड या आयकर रिटर्न भी जमा नहीं किए थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को कुछ बैंक कर्मचारी ग्राम खैरी, तहसील पनागर स्थित उस प्लॉट पर पहुंचे थे, जिसे उन्होंने 28 अगस्त 2024 को पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से श्रीमती मोनिका ताम्रकार को बेच दिया था। उक्त प्लॉट पर गोडाउन बना हुआ है। बैंक कर्मचारियों ने वहां 70 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने की जानकारी दी। जब मोनिका ताम्रकार और उनके पति विवेक ताम्रकार ने ऋण लेने से इनकार किया तो बैंक कर्मचारियों ने उन्हें वैल्यूएशन रिपोर्ट और एक व्यक्ति का फोटो दिखाया। वैल्यूएशन रिपोर्ट में दिलदार हुसैन का नाम और पता दर्ज था, लेकिन फोटो किसी अन्य व्यक्ति का था।

इसके बाद दिलदार हुसैन ने 25 दिसंबर 2025 को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजी तथा 28 दिसंबर को थाना गोहलपुर, थाना अधारताल और थाना गोरखपुर में भी लिखित शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने 29 दिसंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय जाकर भी ऋण संबंधी जानकारी ली, जहां उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर कोई ऋण स्वीकृत नहीं है।

पुलिस जांच में गवाहों के कथन और बैंक से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सामने आया कि आरोपियों ने कथित रूप से आपराधिक साजिश रचकर आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम एवं फोटो की कूटरचना की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वकील अहमद और दिलदार हुसैन का प्रतिरूपण कर बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया और 75 लाख रुपये प्राप्त कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

पुलिस ने मेसर्स ए.बी.एस. काम पार्टनरशिप फर्म से जुड़े बाबी खान पिता वकील खान निवासी न्यू आनंद नगर, अधारताल, जमील अली पिता स्वर्गीय मोहम्मद अली निवासी बड़ा मदार छल्ला तथा मोहम्मद हबीब पिता मोहम्मद अजीज, निवासी भोपाल, हाल निवासी गोहलपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post