MP News: भोपाल में सपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, एक का सिर फटा; प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। किसानों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर भोपाल में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री निवास और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने प्रकाश तरण पुष्कर के सामने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

पानी की तेज बौछारों के चलते कई कार्यकर्ता सड़क पर गिर पड़े। प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता का सिर फट गया, जबकि पिछड़ा वर्ग प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, करीब एक दर्जन घायलों का जेपी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस पर लगाया नुकीले हथियार से हमले का आरोप

सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने नुकीले हथियारों से हमला किया। उन्होंने कहा कि वाटर कैनन के इस्तेमाल और पुलिस के बल प्रयोग से कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों में पिछड़ा वर्ग प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव भी शामिल हैं।

खाद, फसल के उचित दाम और रोजगार को लेकर प्रदर्शन

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि सरकार किसानों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। किसान खाद की कमी और अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से परेशान हैं। वहीं, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी ने प्रदर्शन और घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के अलावा राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल, सूफियान कुरैशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने भी सभा को संबोधित किया। किसानों को भी मंच से अपनी समस्याएं रखने का अवसर दिया गया। पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post