दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे के दौरान मंगलवार को एक भावुक कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया। मनासा में मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंची 21 वर्षीय युवती नेहा माली रोते-बिलखते हुए उनसे मिलने की गुहार लगाती रही। मुख्यमंत्री ने भी युवती को हाथ से इशारा कर अपने पास बुलाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पुलिसकर्मी उसे पकड़कर सुरक्षा घेरे से दूर ले गए। युवती मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं कर सकी और उनका काफिला आगे बढ़ गया।
दरअसल, कुकड़ेश्वर निवासी नेहा माली अपने पारिवारिक विवाद और कथित प्रताड़ना की शिकायत लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहती थी। नेहा का कहना है कि पिता की मौत के बाद मां भी उसे और उसकी छोटी बहन को छोड़कर चली गईं। दोनों बहनें पिता के मकान में रह रही थीं, लेकिन अब रिश्तेदार उन्हें वहां से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं।
रिश्तेदारों पर प्रताड़ना और मकान से बेदखल करने का आरोप
नेहा के पिता मुकेश माली का निधन 21 नवंबर 2025 को हुआ था। युवती का आरोप है कि इसके बाद रिश्तेदार विनोद, दशरथ, द्रौपदीबाई, अनीता, इन्ड्रा, मधु, महक, राजू और सरिता ने उसे और उसकी छोटी बहन को परेशान करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।
नेहा का यह भी आरोप है कि रिश्तेदारों ने उसके पिता के घरेलू सामान, मोटरसाइकिल और मोबाइल पर कब्जा कर लिया है। घर से निकाले जाने के कारण उसे अलग-अलग स्थानों पर रात बिताने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
थाने से लेकर पुलिस अधिकारियों तक लगाई गुहार
युवती के मुताबिक, वह दो से तीन बार कुकड़ेश्वर थाने में लिखित शिकायत दे चुकी है। पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन देकर अपनी समस्या बताई, लेकिन उसे अब तक कोई ठोस राहत नहीं मिली। स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने से निराश होकर वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंची थी।
मुख्यमंत्री नीमच में 112 विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नेहा उनके काफिले के सामने पहुंच गई और रोते हुए अपनी पीड़ा सुनाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री के इशारे के बावजूद पुलिस ने उसे सुरक्षा घेरे से आगे नहीं जाने दिया।
दोनों बहनों की सुरक्षा और मकान पर अधिकार की मांग
नेहा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से प्रताड़ित करने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पिता के मकान में उसका अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही उसने अपनी और छोटी बहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
युवती का कहना है कि जब थाने और अधिकारियों के पास जाने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं हुई, तो वह अपनी समस्या मुख्यमंत्री तक पहुंचाने आई थी।
Tags
madhya pradesh

