Jabalpur News: वेयरहाउस पर 30 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर 30 लाख की ठगी; पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा, दूसरे की तलाश जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
वेयरहाउस पर 30 करोड़ रुपए का लोन दिलाने और अनाज का भंडारण करवाने का झांसा देकर 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में मझौली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र सिंह ठाकुर को 17 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरा आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, मझौली के काकरदेही, सिहोरा रोड निवासी नरेंद्र सिंह परिहार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पनागर निवासी देवेंद्र सिंह ठाकुर और बालाघाट जिले के बारासिवनी निवासी जितेंद्र सिंह ठाकुर उनके परिचित हैं। दोनों ने नरेंद्र सिंह को उनकी पत्नी आराधना सिंह परिहार के नाम पर दर्ज ओम साईराम वेयरहाउस पर 30 करोड़ रुपए का लोन दिलाने और वेयरहाउस में अनाज का भंडारण करवाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में उन्होंने 30 लाख रुपए की मांग की।

नरेंद्र सिंह ने आरोपियों को लोन दिलाने के लिए 30 लाख रुपए दे दिए, लेकिन दोनों ने न तो लोन की व्यवस्था कराई और न ही मांगने पर रकम वापस की। शिकायत के अनुसार, आरोपी टालमटोल करते हुए राशि हड़प गए।

मामले में मझौली पुलिस ने देवेंद्र सिंह ठाकुर और जितेंद्र सिंह ठाकुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 558/2026 के तहत धारा 316(2), 318(3), 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी देवेंद्र सिंह ठाकुर (34), निवासी अभिमन्यु चौक पनागर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से धोखाधड़ी से जुड़े दस्तावेज बरामद करने और विस्तृत पूछताछ के लिए उसे न्यायालय सिहोरा में पेश किया जा रहा है।

वहीं, दूसरे आरोपी जितेंद्र सिंह ठाकुर निवासी बारासिवनी, जिला बालाघाट की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मझौली पूर्वा चौरसिया, उपनिरीक्षक रघुवीर सरोते, प्रधान आरक्षक आशीष असाटी, प्रधान आरक्षक रामजी पाण्डेय और आरक्षक सुनील कौशल की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post