दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बीते एक सप्ताह से शहरवासियों को गर्मी से मिल रही राहत का सिलसिला अब थमने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी और 10 मई तक पारा लगातार ऊपर चढ़ेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि 11 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
11:30 बजे ही 35 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
स्थानीय मौसम वेधशाला के प्रभारी अधिकारी देवेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि सक्रिय मौसम प्रणालियों में आए आंशिक बदलाव के कारण आज आसमान साफ होते ही धूप के तेवर तीखे हो गए हैं। इसका असर गुरुवार सुबह से ही देखने को मिला, जब सुबह 11:30 बजे ही तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अनुमान है कि आज दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि बुधवार को यह 37.7 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया था।
तेज हवा और बादलों की लुका-छिपी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक गर्मी के प्रभाव के कारण दोपहर के बाद स्थानीय स्तर पर मौसम में हलचल देखी जा सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और आसमान में बादलों की आवाजाही होने की संभावना है।
11 मई से मिलेगी राहत
अधिकारी तिवारी के अनुसार, 11 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस सिस्टम के एक्टिव होते ही गर्मी से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है और जिले के मौसम में एक बार फिर परिवर्तन देखा जा सकेगा। फिलहाल, अगले तीन से चार दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और बढ़ते पारे का सामना करना पड़ेगा।
Tags
jabalpur
